शनि अमावस्या पर भवन मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
भजन-कीर्तन, जयकारों और महाप्रसाद के बीच धूमधाम से मना शनि देव महाराज का जन्मोत्सव

संवाददाता : गोविंद देवल
बिल्सी। शनि अमावस्या के पावन अवसर पर नगर स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर में शनिवार को न्याय के देवता शनि देव महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर शाम तक लगातार बनी रही। मंदिर परिसर शनि देव के जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास से गूंजता रहा।
जन्मोत्सव के अवसर पर शनि देव महाराज का भव्य एवं विशेष शृंगार किया गया। फूलों, दीपों और आकर्षक सजावट से सजे मंदिर में भक्तों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।
आयोजन के दौरान शनि देव महाराज के जन्मोत्सव का केक काटकर उत्सव को विशेष रूप से मनाया गया। भक्तों ने तेल, काले तिल, नीले पुष्प एवं विशेष भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में आयोजित विशेष पूजा और महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर के सेवादारों एवं श्रद्धालुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रमुख सहयोगियों में राजीव उपाध्याय, संजीव माहेश्वरी, मनोज वार्ष्णेय, मनोहर लाल शर्मा, सुनील देवल, देव ठाकुर, गोविंद देवल, ओम बाबू वार्ष्णेय एवं प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य लोग व्यवस्थाओं में जुटे रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण कर भक्तों ने आयोजन की सराहना की। पूरे दिन मंदिर परिसर आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।
Budaun Amarprabhat