Breaking News

बंदरों के आतंक में गई जान: तरबूज के छिलके पर फिसली महिला, दो मंजिला छत से गिरकर मौत

Spread the love

सहसवान के मचोना गांव में दर्दनाक हादसा, बंदरों से बचने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन; परिवार में मचा कोहराम

संवाददाता : रिंकू भारद्वाज

सहसवान। थाना क्षेत्र के ग्राम मचोना की मढ़ैया में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। बंदरों के डर से छत से नीचे उतरने के लिए भाग रही महिला का पैर तरबूज के छिलके पर फिसल गया, जिससे वह दो मंजिला मकान की छत से नीचे जा गिरी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में शोक का माहौल है।

बताया जाता है कि रविवार शाम करीब सात बजे महिला घर की छत पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक बंदरों का झुंड छत पर आ धमका। बंदरों को देखकर महिला घबरा गई और तेजी से नीचे उतरने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छत पर पहले से तरबूज का छिलका पड़ा हुआ था। जल्दबाजी में महिला का पैर छिलके पर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठी। देखते ही देखते महिला सीधे नीचे आ गिरी।

महिला के गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे में महिला के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदर आए दिन घरों की छतों और गलियों में उत्पात मचाते रहते हैं, जिससे लोग दहशत में हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी इस तरह के हादसे हो सकते हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू में एआई-पावर्ड डिजिटल ट्विन टेक्नोलॉजी पर गहन मंथन

Spread the love तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ कम्प्यूटिंग साइंसेज़ एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी-सीसीएसआईटी में …

error: Content is protected !!