उमस और मच्छरों से परेशान ग्रामीण ट्रांसफार्मर के पास काट रहे रात, बच्चों की पढ़ाई पर भी संकट
संवाददाता : शिव प्रताप सिंह
कादरचौक। कस्बा कादरचौक में पिछले करीब एक महीने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दिन में किसी तरह बिजली सप्लाई मिल रही है, लेकिन रात होते ही अंधेरा छा जाता है। लगातार हो रही कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात में बिजली न आने से गर्मी और उमस के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। ऊपर से मच्छरों का प्रकोप लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई लोग देर रात तक घरों से निकलकर ट्रांसफार्मर के पास बैठे रहते हैं, ताकि सप्लाई शुरू होने की जानकारी मिल सके।
सबसे ज्यादा परेशानी पढ़ाई करने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। रात में बिजली न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि परीक्षाओं और पढ़ाई के समय लगातार बिजली कटौती बच्चों के भविष्य पर असर डाल रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रात की बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
Budaun Amarprabhat