राहुल मौर्य
रामपुर। स्वार विधानसभा क्षेत्र से अपना दल (एस) के विधायक शफीक अहमद अंसारी ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थापित डॉ. बीआर अम्बेडकर की मूर्तियों के संरक्षण, सुदृढ़ीकरण और सौन्दर्यीकरण की पुरजोर मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामपुर को एक आधिकारिक पत्र भेजकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने और कार्य को जल्द से जल्द शुरू कराने का आग्रह किया है।
विधायक शफीक अहमद अंसारी ने अपने पत्र में पूर्व में जारी शासनादेश (पत्र संख्या 1101/क-3-2026-2004864, दिनांक 09 अप्रैल 2026) का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि समाज सुधारकों, महापुरुषों, सामाजिक न्याय के प्रणेताओं और सांस्कृतिक विभूतियों की स्मृतियों व मूर्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी है।
विधायक ने स्वार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 11 चिन्हित गांवों की सूची सीडीओ को सौंपी है। इन गांवों में ‘डॉ. बीआर अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना’ के तहत स्थापित मूर्तियों की मरम्मत, मौसम की मार से बचाने के लिए उन पर उचित छत्र या शेड का निर्माण, और उनके आस-पास के परिसर का सौन्दर्यीकरण कराने की आवश्यकता जताई गई है।
विधायक द्वारा मुख्य विकास अधिकारी को भेजी गई सूची में स्वार विधानसभा के निम्नलिखित गांव शामिल हैं: ग्राम करसेखा, ग्राम सैंटाखेड़ा, ग्राम शिकार गाह, ग्राम मेवला, ग्राम लालपुर (सरकथल), ग्राम रुतुआनगला, ग्राम रायपुर, ग्राम गोविन्दपुरा, ग्राम रहमतगंज, ग्राम चाऊपुरा और ग्राम भूवरा।
विधायक शफीक अहमद अंसारी ने जोर देकर कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सामाजिक न्याय के अग्रदूत बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और अन्य महापुरुषों के प्रति आदर भाव प्रकट करना और उनकी ऐतिहासिक स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना है। उन्होंने सीडीओ से इन सभी 11 गांवों में सौन्दर्यीकरण और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र अति शीघ्र अमलीजामा पहनाने की मांग की है। विधायक की इस पहल का स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है।
Budaun Amarprabhat