
राहुल मौर्य
रामपुर। राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन ने जिला प्रवक्ता काशिफ खां और ब्लॉक अध्यक्ष मनीष लोधी के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी चमरौआ प्रमोद कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर नहीं हो सके, जिसको लेकर प्रदेश के सभी ग्राम प्रधान चिंतित हैं। वर्तमान ग्राम प्रधान लोकतांत्रितक प्रक्रिया के तहत निर्वाचित हुए हैं और ग्राम पंचायत के विकास को गति देने में लगातार सक्रिय हैं। वर्तमान प्रधान अपनी अपनी ग्राम पंचायतों में जनता से जुड़ी समस्याओं से भी परिचित हैं। प्रधान विकास कराने व समस्याओं के निस्तारण कार्य का भी अनुभव रखते हैं। इन परिस्थितियों में प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति के बजाय वर्तमान ग्राम प्रधानों का ही कार्यकाल आगे बढ़ाया जाना चाहिए। पूर्व में प्रशासक नियुक्ति किए जाने की व्यवस्था सफल नहीं रही है। ग्राम प्रधान ही पूरी तरह से अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार और जवाबदेह हैं। इसलिए मौजूदा प्रधानों का ही कार्यकाल बढ़ाया जाना उचित रहेगा। ज्ञापन में मांग की गई है कि राज्य सरकार सकारात्मक निर्णय लेते हुए ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए।
ज्ञापन पर भूकन लाल लोधी, नईम अहमद, अजय कुमार कश्यप, उमेश कुमार सिंह, मोहनलाल, लईक अहमद, मुज़फ्फर, आयशा बेगम, नीरज देवी, रीना, महसर जहां, सलमा, रामकली, गुलफशा, जयप्रकाश, सरवती, सर्वेश, राजेंद्री, आफरीन, विनोद कुमार, राम रतन सिंह आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat