बदायूं के विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर मंत्रियों से हुई अहम मुलाकात
पार्क निर्माण और खेल सुविधाओं के विस्तार पर लखनऊ में हुई सकारात्मक चर्चा
संवाददाता : गोविंद देवल
लखनऊ/बदायूं। बदायूं नगर के विकास एवं युवाओं के भविष्य को लेकर लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों से महत्वपूर्ण मुलाकात की गई। इस दौरान नगर में पार्क निर्माण तथा खेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बदायूं विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जनहित के विषयों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें बदायूं नगर में पार्क निर्माण की मांग संबंधी पत्र सौंपा गया।
मंत्री को अवगत कराया गया कि नगर में पर्याप्त पार्क न होने से बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट के निकट जेल विभाग की खाली पड़ी भूमि पर आधुनिक पार्क विकसित किए जाने का अनुरोध किया। साथ ही यह भी बताया गया कि जिला प्रशासन की ओर से पूर्व में भी इस संबंध में शासन को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं।
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने नगरवासियों की सुविधा एवं शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव से भी शिष्टाचार भेंट की गई। मुलाकात के दौरान बदायूं विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल अवसंरचना को मजबूत करने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह पहल बदायूं नगर के समग्र विकास और युवाओं को बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Budaun Amarprabhat