अजय सिंह
खैराबाद, सीतापुर। नगर पालिका परिषद खैराबाद की अध्यक्ष श्रीमती बेबी अभिषेक गुप्ता के सफलतापूर्वक तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर नगर पालिका परिषद परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभासदगण, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग, नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों की उपलब्धियों और नगर के बदलते स्वरूप को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती बेबी अभिषेक गुप्ता, अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता उर्फ बबलू भैया एवं अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता द्वारा बीते तीन वर्षों के दौरान नगर में कराए गए विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की विस्तृत जानकारी जनता के सामने प्रस्तुत की गई। वक्ताओं ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए गए हैं। सड़क, पेयजल, जलनिकासी, पार्क, धार्मिक स्थल एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम में नगरोदय योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की विशेष चर्चा की गई। बताया गया कि ललियापुर पार्क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र के लोगों को हरियाली और मनोरंजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त नगर के आठ परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प का शुभारंभ किया गया है। विद्यालयों में बेहतर भवन, स्वच्छ परिसर, आधुनिक सुविधाएं एवं बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर माहौल मिल सके। वहीं डिजिटल लाइब्रेरी की स्वीकृति को भी नगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। इससे छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को डिजिटल माध्यम से अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
वंदन योजना के अंतर्गत धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। मां गौरी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण, अवस्थापना एवं नागरिक सुविधाओं के विकास की स्वीकृति प्रदान की गई है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बैठने, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा शीतला माता मंदिर एवं वाल्मीकि मंदिर के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार हेतु भी योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। कार्यक्रम में कहा गया कि धार्मिक स्थलों का विकास नगर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
नगर के प्रमुख स्थलों एवं पार्कों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी कई योजनाओं पर कार्य किया गया है। गौरी देवी सरोवर का सौंदर्यीकरण नगर के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। वहीं माखूपुर स्थित रविदास पार्क के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति तथा उसके सामने स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है। इन कार्यों से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
आधारभूत संरचना विकास के अंतर्गत पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना के तहत विभिन्न वार्डों में सड़कों का निर्माण कराया गया है। साथ ही जलनिकासी योजना के अंतर्गत नाला एवं नालियों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। नगरीय झील एवं तालाब योजना के अंतर्गत वार्ड जोशी टोला में तालाब निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। नगर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पाइपलाइन विस्तार कार्य लगातार जारी है, जिससे अधिक से अधिक घरों तक स्वच्छ जल पहुंचाया जा सके। वहीं पनवाड़िया क्षेत्र में निर्मित अटल पार्क बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्रीमती बेबी अभिषेक गुप्ता ने कहा कि नगर की जनता के सहयोग, विश्वास एवं आशीर्वाद से विकास कार्यों को लगातार गति मिली है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प खैराबाद नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित करना है, जहां प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता उर्फ बबलू भैया ने भी नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का सहयोग और विश्वास ही विकास कार्यों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में भी विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित एवं विकास से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
Budaun Amarprabhat