Breaking News

05 से 21 जून तक चलेगा जन जागरूकता अभियान, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Spread the love

सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की भावना से हों कार्यक्रम, पात्रों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

संवाददाता : गोविंद देवल

बदायूं। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलाए जाने वाले समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन एवं पर्यावरण विभाग अरुण कुमार सक्सेना ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को जनसहभागिता और माइक्रो प्लानिंग के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्यक्रम सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान की भावना के अनुरूप संचालित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर होने वाले पौधारोपण कार्यक्रमों को उत्सव की तरह मनाया जाए तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए। साथ ही विकास प्रदर्शनी और जनसंपर्क कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

8.65 लाख पौधारोपण का मिला लक्ष्य

बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इसकी शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र उझानी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। जनपद को इस वर्ष 8 लाख 65 हजार पौधारोपण का लक्ष्य मिला है। इसके तहत विभिन्न विभागों को लक्ष्य आवंटित कर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि 8 से 14 जून तक नगर निकायों की मलिन बस्तियों में स्वच्छता अभियान, जनसंवाद और समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। 14 से 16 जून तक सभी विकासखंडों में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान कार्ड, फैमिली आईडी और फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।

17 से 20 जून तक लगेगी विकास प्रदर्शनी

जिलाधिकारी ने बताया कि 17 से 20 जून तक डायट परिसर में जनपद स्तरीय विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। अभियान के दौरान प्राकृतिक कृषि कार्यशाला में 500 से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल, विशेष सफाई अभियान तथा जनजागरूकता यात्राओं का भी आयोजन होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि जनकल्याण शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। वहीं बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने अधिकारियों से चौपालों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जे.के. सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला वन अधिकारी निधि चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

Spread the loveबदायूँ। जनपद में बच्चों को जानलेवा डायरिया से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य …

error: Content is protected !!