नकलविहीन एवं निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के लिए अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ की समीक्षा बैठक
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती लिखित परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा की व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराने पर जोर देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा निगरानी व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार सहित संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य एवं व्यवस्थापक भी उपस्थित रहे। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
Budaun Amarprabhat