एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स की छात्राओं ने वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में प्राचार्या के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में शिक्षकों एवं छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, वृक्षारोपण तथा प्लास्टिक मुक्त समाज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
छात्राओं ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ग्रहण की।
एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स की छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर एवं आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। छात्राओं ने लोगों से स्वच्छता अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कार्यक्रम अधिकारी, एनसीसी अधिकारी, रेंजर्स प्रभारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि इसे जन-आंदोलन बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।
Budaun Amarprabhat