Breaking News

कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर जारी

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल

बदायूं। आगामी श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। आईसीसीसी के दूरभाष नंबर 05832-266049, 05832-266050, 05832-266052, 05832-266054 तथा मोबाइल नंबर 7505389289 और 7505395940 जारी किए गए हैं। वहीं पुलिस लाइन कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454402956 और 9454417440 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इसके अलावा कछला पुलिस चौकी, थाना कोतवाली उझानी, थाना कोतवाली बदायूं और थाना सिविल लाइंस में भी नियंत्रण कक्ष संचालित रहेंगे। यहां से यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी और प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम ने लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अधिकारी और कर्मचारी तीन पालियों में आठ-आठ घंटे की ड्यूटी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिस्थानी कर्मचारी के कार्यभार संभालने के बाद ही ड्यूटी छोड़ी जाए, ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया है कि 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार शाम 5 बजे तक लागू रहने वाले रूट डायवर्जन का प्रभावी पालन कराया जाए। यात्रियों को परिवर्तित मार्ग, बसों के चढ़ने-उतरने के स्थान और निर्धारित किराये की जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने परिवहन निगम के चालक-परिचालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए। वहीं कछला गंगा घाट पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

जिलाधिकारी ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में जारी कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

ननिहाल में रह रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Spread the loveउझानी (बदायूं)। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव अथईया में शुक्रवार सुबह 18 वर्षीय …

error: Content is protected !!