संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट एवं ‘हज सुविधा’ एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) किया जाएगा। चयनित आवेदकों को 10 अगस्त 2026 तक अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी। चयन के बाद सीट निरस्त कराने पर निर्धारित नियमों के अनुसार धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए आवेदन करने से पहले पूरी तैयारी और यात्रा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता सुनिश्चित कर लें।
उन्होंने बताया कि हज-2027 के लिए एक साथ अधिकतम पांच लोग आवेदन कर सकते हैं। सभी आवेदक एक ही श्रेणी के होने चाहिए तथा प्रत्येक का अपना मोबाइल नंबर होना आवश्यक है। 65 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं बिना मेहरम श्रेणी में आवेदन कर सकती हैं। वहीं 65 वर्ष से अधिक आयु के सामान्य आवेदकों के साथ 40 से 65 वर्ष आयु का एक सहयात्री होना अनिवार्य होगा।
हज आवेदन के लिए मशीन पठनीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट आवश्यक है, जो 20 जुलाई 2026 तक जारी हो चुका हो तथा उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक हो। इस बार सामान्य 40 दिन की यात्रा के साथ 20 दिन की छोटी हज यात्रा का विकल्प भी दिया गया है, हालांकि इसके लिए सीमित सीटें उपलब्ध हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज-2027 की जानकारी और दिशा-निर्देश हज कमेटी ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदन के दौरान पासपोर्ट आकार का नवीन फोटो, पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ की प्रति, पता प्रमाण पत्र तथा बैंक पासबुक या निरस्त चेक अपलोड करना अनिवार्य होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंट निकालकर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ में जमा करना होगा।
हज यात्रियों की सुविधा के लिए मदरसा शम्सुल उलूम, घंटाघर, बदायूं में हज ई-सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है। यहां ऑनलाइन आवेदन निःशुल्क भरे जाएंगे। इसके लिए मदरसे के प्रधानाचार्य मुहम्मद इरशाद आलम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सहायता के लिए 9555584637 तथा 9897573400 पर संपर्क किया जा सकता है।
Budaun Amarprabhat