संवाददाता गोविन्द देवल
बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी की जनता जिस पल का वर्षों से इंतजार कर रही थी, वह ऐन वक्त पर टल गया। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हाथों होने वाला नवनिर्मित रोडवेज बस अड्डे का उद्घाटन खराब मौसम के कारण निरस्त हो गया। इससे नगरवासियों की उम्मीदों को फिलहाल झटका लगा है।
करीब 225.40 लाख रुपये की लागत से तैयार आधुनिक बस अड्डा उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार था। जिला प्रशासन ने भी कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। लेकिन गुरुवार देर शाम उपमुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र में खराब मौसम के चलते उनका बदायूं दौरा निरस्त कर दिया गया।
बिल्सी के लोगों के लिए नया बस अड्डा केवल एक भवन नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी मांग के पूरा होने का प्रतीक है। उद्घाटन की तारीख तय होने के बाद नगर में खुशी का माहौल था और लोगों को उम्मीद थी कि अब जल्द ही नई सुविधाओं से लैस बस अड्डे का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
हालांकि कार्यक्रम निरस्त होने से बस अड्डे का उद्घाटन फिलहाल टल गया है। अब नई तारीख घोषित होने के बाद ही इसका लोकार्पण हो सकेगा। ऐसे में बिल्सी की जनता को अपनी इस बहुप्रतीक्षित सौगात के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा।
नगरवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही नई तिथि घोषित होगी और वर्षों का इंतजार आखिरकार समाप्त होगा। तब तक नया बस अड्डा तैयार होकर भी उद्घाटन की राह देखता रहेगा।
Budaun Amarprabhat