*
बदायूं रोड स्थित फ्यूचर लीडर्स स्कूल में गुरुवार को बालिकाओं के सशक्तिकरण और स्वास्थ्य से संबंधित कार्यशाला का आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य विद्यालय की छात्राओं के सशक्तिकरण,व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के महत्व के बारे में शिक्षित करना था। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से कक्षा 8 की छात्राओं के साथ-साथ उनकी अध्यापिकाओं ने भाग लिया। कार्यशाला का आयोजन रूबी मौर्य, निकिता गुप्ता एवं सिदरा खान द्वारा किया गया उन्होंने बताया कि महिलाओं का आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना बहुत जरूरी है। स्वयं सहायता समूह और कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है एवं मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, संतुलित पोषण का महत्व, हाथ धोने की आदतें और मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने जैसे विषयों को शामिल किया गया था। संप्रेषण के माध्यम से छात्राओं को प्रश्न पूछने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में भ्रांतियां दूर करने का अवसर मिला। विशेषज्ञों ने उचित स्वच्छता तकनीकों पर व्यावहारिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए तथा बेहतर जीवनशैली के लिए स्वस्थ आदतें बनाने के सुझाव दिए। विद्यालय डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया और इस तरह की पहल की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “इस तरह की कार्यशालाएँ युवा लड़कियों को अपने स्वास्थ्य की जिम्मेदारी लेने के लिए ज्ञान और आत्मविश्वास से सशक्त बनाती हैं। कार्यशाला का समापन छात्राओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ हुआ, जिनमें से कई ने जानकारी को व्यावहारिक और सशक्त बनाने वाला पाया। इस तरह के आयोजन एक स्वस्थ और अधिक जागरूक भावी पीढ़ी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं में जागरूकता बढ़ती है और वे आत्मविश्वास के साथ अपनी स्वास्थ्य समस्याओं पर खुलकर बात कर सकती हैं। छात्राओं ने भी इस सत्र को उपयोगी बताते हुए खुशी प्रकट की। इस अवसर पर विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
Budaun Amarprabhat