एसपी सिटी और सीओ सिटी ने पुष्पवर्षा कर और फूलमाला पहनाकर किया कांवड़ियों का अभिनंदन
बदायूं। पवित्र श्रावण मास के पावन अवसर पर कछला गंगा घाट से गंगाजल भरकर पंचतेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर, सराय दातागंज जा रहे कांवड़ियों का बदायूं के इंद्रचौक पर बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में पहुंचे हजारों कांवड़ियों के लिए एसकेएस24न्यूज नेटवर्क, कदीर मार्केट के व्यापारियों और पत्रकारों की ओर से एक विशेष सेवा कैंप लगाया गया था।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि कानून व्यवस्था संभालने वाले पुलिस अधिकारियों ने स्वयं आगे बढ़कर शिवभक्तों की सेवा की। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी राहुल पांडेय, सदर कोतवाली इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह और सिविल लाइंस इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने कैंप में पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और उन्हें फूलमालाएं पहनाईं। अधिकारियों ने अपने हाथों से कांवड़ियों को फल, शीतल जल और ठंडे पेय वितरित किए। पुलिस के इस मानवीय और सहयोगात्मक रूप को देख वहां मौजूद सभी लोगों ने पुलिस प्रशासन की जमकर सराहना की।
कांवड़ियों का जत्था जैसे ही इंद्रचौक स्थित सेवा कैंप पर पहुंचा, पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने डॉ. शैलेश पाठक और ‘वाटर वूमेन’ शिप्रा पाठक का भी पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। कैंप में कांवड़ियों के लिए जलपान और विश्राम की पुख्ता व्यवस्था की गई थी।
सेवा कैंप में वरिष्ठ साहित्यकार अशोक खुराना, विजय मेहंदीरत्ता, ग्रीश शुक्ला, सुभाष शर्मा, राहुल चौबे, अजय मथुरिया, पंकज शर्मा, कामेश पाठक, प्रदीप दोहरे, विकास माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। वहीं एसकेएस24न्यूज नेटवर्क के प्रधान संपादक डॉ. शरद शंखधार के नेतृत्व में पत्रकार उपेंद्र शर्मा, अजय पाठक, अमर प्रभात के संपादक वेदभानु आर्य, अवधेश मिश्रा, अभिषेक आर्य समेत तमाम पत्रकारों ने कांवड़ियों का स्वागत किया।
स्वागत और सेवा का यह सिलसिला संपन्न होने के बाद डॉ. शैलेश पाठक के नेतृत्व में कांवड़ियों का यह जत्था पंचतेश्वर स्वयंभू महादेव मंदिर के लिए रवाना हुआ, जहां वे सावन के दूसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
Budaun Amarprabhat