कछला। पवित्र श्रावण मास के पावन अवसर पर जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग के तत्वावधान में गंगा की स्वच्छता और अविरलता को बनाए रखने के लिए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कैलाश धाम आध्यात्मिक ट्रस्ट कछला के सहयोग से एक भव्य गंगा स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें राधे लाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कछला के मुख्य गंगा घाट तक पहुंची। घाट पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने वहां उपस्थित कावड़ियों के विभिन्न समूहों को गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। साथ ही, गंगा घाट पर मनमोहक रंगोली सजाकर श्रद्धालुओं और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा भी सभी उपस्थित विद्यार्थियों व नागरिकों को गंगा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
कैलाश धाम आध्यात्मिक ट्रस्ट के अध्यक्ष संचित सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि यह तमाम जागरूकता कार्यक्रम जिला परियोजना अधिकारी एवं जिला गंगा समिति के नेतृत्व में आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान पूरे श्रावण मास अनवरत जारी रहेगा।
इस अवसर पर राधे लाल इंटर कॉलेज का समस्त स्टाफ, गंगा दूत एनजीओ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मां गंगा को पॉलीथिन व गंदगी से मुक्त रखने और इसकी अविरलता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
Budaun Amarprabhat