इस्लामनगर। जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में अपराध और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना इस्लामनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घर से बकरे और बकरी चोरी करने के मामले में वांछित चल रहे चार आरोपियों को चोरी किए गए मवेशियों सहित धर दबोचा है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, गत 19 मई 2025 को वादी हरपाल सिंह पुत्र रामलाल निवासी वार्ड नंबर 01, कस्बा रूदायन, थाना इस्लामनगर ने थाने में लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर से 02 बकरे और 01 बकरी चोरी हो गए हैं। वादी की तहरीर के आधार पर थाना इस्लामनगर में मु0अ0स0 208/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार वांछितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, रविवार को थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 02 बकरे और 01 बकरी सकुशल बरामद कर ली है। मवेशी बरामद होने के बाद पुलिस ने इस अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जहां से उन्हें नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के तहत आगे भेजा गया है।
Budaun Amarprabhat