नौका से घाट का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के दिए निर्देश
बदायूं, 10 अगस्त। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर जिलाधिकारी बदायूं और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर नौका से पहुंचकर क्षेत्र का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा।
निरीक्षण के दौरान सड़क, सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थल, सीसीटीवी और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में बेहतर तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता दें और पूरी सतर्कता एवं अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat