Breaking News

डीएम और एसएसपी ने किया कछला गंगा घाट व कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

Spread the love

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट के संकल्प के साथ पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से कछला गंगा घाट तथा मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व जन-सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कछला गंगा घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और घाट की सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं का गहनता से अवलोकन किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि शिव भक्तों और श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण कर यदि कोई कमी पाई जाती है, तो उस पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सावन मास के दौरान उमड़ने वाली संभावित भारी भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए अधिकारियों ने रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थलों, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी व्यापक समीक्षा की। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और कछला गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद और सतर्क रखी जाए। प्रत्येक ड्यूटी पॉइंट पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
एसएसपी ने आपसी समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने और त्वरित कार्रवाई के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें। साथ ही पुलिस बल को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (ई) अरुण कुमार, उपजिलाधिकारी सदर साईं अश्रित शखमुरी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, तीन स्थानों पर लगाए गए चिकित्सा शिविर

Spread the loveकांवड़ियों के लिए दवा वितरण को रवाना हुए वाहन बदायूं। श्रावण मास में …