बगरैन। कस्बा बगरैन में सोमवार को कांवड़ियों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर आपस में भिड़ंत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर दौड़ पड़ी और स्थिति को तुरंत नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी राजा पुत्र ओंकार समेत एक दर्जन शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे थे और वे कस्बे से गौरी शंकर गुलड़िया जा रहे थे। इसी दौरान कसैरी रोड पर माजिद खान की दुकान के सामने बगरैन निवासी सूरज पुत्र बालकराम और राजा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों गुट आपस में भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन इसके बाद राजा के साथ आए अन्य कांवड़ियों ने आगे बढ़कर कसैरी रोड स्थित होली चौक पर जाम लगा दिया।
कांवड़ियों के बीच झगड़े और जाम की सूचना मिलते ही बगरैन चौकी प्रभारी संदीप गुप्ता अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। मामला बढ़ता देख वजीरगंज थाना प्रभारी अश्विनी कुमार और बिसौली कोतवाल कमलेश मिश्रा भी भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए भवानीपुर के कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया और कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें सकुशल जलाभिषेक के लिए गौरी शंकर गुलड़िया के लिए रवाना किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ियों को बरेली बार्डर कसैरी तक एस्कॉर्ट कर छोड़ा। दोनों गुटों के बीच अचानक विवाद किस बात को लेकर हुआ, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Budaun Amarprabhat