गंगा स्नान से लेकर भंडारों तक दिखा श्रद्धा का रंग, सात घंटे जाम में फंसे डाक कांवड़िए
संवाददाता सुखदेवी कश्यप
[/video]
कछला। सावन के पावन पर्व पर कछला का भागीरथ गंगा घाट और कश्यप घाट सोमवार को आस्था के महासंगम में बदल गया। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच करीब पांच लाख से अधिक शिवभक्त कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। घाटों पर कहीं हवन-पूजन हुआ तो कहीं भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु मन्नत मांगते नजर आए। जगह-जगह भंडारों में प्रसाद वितरण चलता रहा।
कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते कछला घाट से पेट्रोल पंप तक करीब सात घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। डाक कांवड़ लेकर दौड़ रहे शिवभक्तों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने कछला बाईपास से डीजे, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक सवारों को निकालकर यातायात संभाला। कुछ बाइक सवार रात में खेतों के रास्ते आगे बढ़ते दिखाई दिए।
घाट पर प्रशासन की पैनी नजर
व्यवस्थाओं का जायजा लेने जिलाधिकारी अवनीश राय, एसएसपी और प्रशासनिक अधिकारी कछला घाट पहुंचे। घाट पर पीएसी, पुलिस बल, गोताखोर और पल्ड गोताखोर तैनात रहे। सीसी कैमरों से भीड़ पर नजर रखी गई। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी।
खोया-पाया केंद्र की टीम ने भीड़ में बिछड़े लोगों को उनके परिजनों से मिलाने में मदद की। नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह चौहान और नगर पंचायत कर्मचारियों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कछला पहुंचे श्रद्धालुओं में बदायूं समेत आसपास के जिलों के अलावा बरेली, पीलीभीत, कासगंज, अलीगढ़, हाथरस, जयपुर, ग्वालियर, भोपाल और इंदौर तक के श्रद्धालु शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat