बदायूं। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत गुणवत्ता पूर्ण पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) 2026 विषय पर जनपद के सलारपुर विकासखंड सभागार में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। पंचायती राज विभाग बरेली मंडल, बरेली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी वित्तीय वर्ष के लिए विकास योजनाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाना रहा।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्री नितिन कुमार एवं एडीओ पंचायत श्री शिव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सभी ग्राम विकास सचिवों और पंचायत सहायकों ने पूरी सक्रियता के साथ भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य मास्टर ट्रेनर सुषमा राठौर एवं राजेश कुमार सक्सेना ने उपस्थित कर्मियों को ‘जीपीडीपी क्यों, कैसे और इसमें क्या नए बदलाव हैं’ विषय पर विस्तार से जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए तैयार की जाने वाली जीपीडीपी में विशेष बदलाव किए गए हैं।
इसके तहत कार्य योजना में 15 नए सवाल शामिल किए गए हैं, जिनके लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। जब ग्राम पंचायत स्तर से कार्य योजना पोर्टल पर फीड की जाएगी, तो इन सभी सवालों के अंक स्वतः शामिल होंगे। मास्टर ट्रेनर्स ने ग्राम पंचायत स्तर पर वर्ष 2026-2027 के लिए तैयार होने वाली इस पंचायत विकास योजना के हर एक पहलू पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण सत्र को आगे बढ़ाते हुए मास्टर ट्रेनर अरुण कुमार शेखर तथा राहत जहां ने आईगॉट पोर्टल, टीएमपी पोर्टल और राज्य वित्त आयोग से मिलने वाले अनुदान व उसके सदुपयोग के बारे में विस्तृत तकनीकी जानकारी साझा की।
मास्टर ट्रेनर राजेश कुमार सक्सेना ने जोर देकर कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर निर्धारित प्लान के अनुसार ही सभी विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। विकास योजना के नियोजन, प्राथमिकता निर्धारण, उपलब्ध बजट और स्थानीय संसाधनों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विशेष चर्चा हुई, ताकि योजनाएं पूरी पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतर सकें।
कार्यशाला के दौरान सचिवों और पंचायत सहायकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और गांवों के समग्र विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से सचिव कृपाल सिंह, पवन सक्सेना, धर्मेंद्र सिंह, सुधीर सिंह तथा पंचायत सहायक बाबूजी, जितेंद्र सिंह, आयेन्द्र यादव, शीतल यादव, शिवानी, विपिन कुमार, अनिकेत पटेल सहित बड़ी संख्या में संबंधित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat