
वजीरगंज। नगर पंचायत वजीरगंज में बुधवार को देशभक्ति के रंग में सराबोर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष राघव सिंह चौहान के नेतृत्व में निकली यात्रा में सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता सहित हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और मातृशक्ति शामिल हुईं। डीजे की धुन और हाथों में लहराते तिरंगों के बीच पूरा नगर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गंगा देवी सरस्वती शिशु मंदिर, वजीरगंज से हुआ। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद ठाकुर गजराज सिंह के स्मारक पर पहुंची, जहां शहीद को नमन किया गया। इसके बाद यात्रा विकासखंड वजीरगंज परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवा साथी पहुंचे। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। पूरे मार्ग में लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगे लहराए। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
देशभक्ति के इस आयोजन के दौरान समाजसेवियों ने जगह-जगह प्याऊ लगाकर राहगीरों और यात्रा में शामिल लोगों को पानी पिलाया। भीषण गर्मी के बीच प्याऊ की व्यवस्था कर समाजसेवियों ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता, एमएलसी प्रतिनिधि शर्तेंदु पाठक, मंडल प्रभारी अनुपम पाठक, चेयरमैन मुड़िया, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ठाकुर शिवम प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य जयपाल दिवाकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष राघव चौहान, गौरव वार्ष्णेय, सुमित कुमार निक्की सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा के दौरान नगर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष राघव चौहान वजीरगंज ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आज वजीरगंज में जिस तरह युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की, वह देश के प्रति उनके समर्पण और राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए और उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता, अखंडता और सम्मान को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश के प्रति प्रेम और तिरंगे के सम्मान की भावना हर नागरिक के दिल में है।
Budaun Amarprabhat