सीडीओ ने पंखा तत्काल ठीक कराने और रसोई कर्मचारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शेखूपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो फुल टाइम शिक्षिकाएं अनुपस्थित मिलीं। सीडीओ ने दोनों का अनुपस्थित दिवस का मानदेय रोकने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के समय विद्यालय की वार्डन उपासना सिंह अवकाश पर थीं। उनके स्थान पर फुल टाइम टीचर दीपा सक्सेना वार्डन का प्रभार संभालती हुई उपस्थित मिलीं। वहीं फुल टाइम टीचर दिव्या मिश्रा और विजय लक्ष्मी अनुपस्थित मिलीं।
सीडीओ ने छात्राओं के कमरों का भी निरीक्षण किया। कमरों में लगे दो पंखों में से एक पंखा खराब मिला। उन्होंने पंखे को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रसोई के निरीक्षण के दौरान मुख्य रसोइया संतोष और सहायक रसोइया लडैती देवी का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर सीडीओ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
Budaun Amarprabhat