बदायूँ। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय बदायूँ क्लब में 14 और 15 अगस्त को दो दिवसीय भव्य देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में होने वाले इन आयोजनों को लेकर क्लब परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के तहत 14 अगस्त को शाम 4 बजे ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान क्लब सभागार में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन होगा और विचार गोष्ठी के माध्यम से देश के विभाजन का दंश झेलने वाले हुतापनों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात, क्लब प्रांगण से परशुराम चौक तक एक मौन जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि और तमाम प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।
इसी दिन शाम 6 बजे से क्लब सभागार में “स्वतंत्रता की आरती संभाल कर उतारना” शीर्षक से सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें संगीत और कविताओं के जरिए देशभक्ति की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग की सहभागिता रहेगी।
आगामी स्वतंत्रता दिवस को पूर्वाह्न 11:45 बजे जिलाधिकारी अवनीश राय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। ध्वजारोहण के उपरांत क्लब के सदस्यों और बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस गरिमामयी आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती गामिनी सिंघला अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी, जबकि आयकर अधिकारी अरुण कुमार जायसवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। बदायूँ क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने सभी नागरिकों से इन आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
Budaun Amarprabhat