Breaking News

बदायूं क्लब में स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर गूंजे देशभक्ति के तराने, भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान से सजी ‘स्वतंत्रता की आरती’

Spread the love

बदायूं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बदायूं क्लब के प्रांगण में देशभक्ति और उत्साह से परिपूर्ण “स्वतंत्रता की आरती सम्भाल कर उतारना” नामक एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गीत और संगीत के मनमोहक कार्यक्रमों के माध्यम से नगर के कलाकारों ने ऐसी समां बांधी कि पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस विशेष आयोजन में भूतपूर्व सैनिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम के गौरव और सम्मान को कई गुना बढ़ा दिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के जिला संयोजक मानद कैप्टन मुनीष कुमार पाराशर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण करके किया गया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी भूतपूर्व सैनिकों को तिरंगा पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा सभागार भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में क्लब के सदस्य विशाल शर्मा ने “आपस में प्रेम करो देश प्रेमियों” गीत गाकर कार्यक्रम का शानदार आगाज किया। इसके पश्चात क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने “हर करम अपना करेंगे ऐ वतन तेरे लिए” तथा अपने पिता डॉ. उर्मिलेश का प्रसिद्ध गीत “स्वतंत्रता की आरती सम्भाल कर उतारना” प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।
कड़ी में आगे बढ़ते हुए प्रशांत दीक्षित ने “ऐसा देश है मेरा” गीत से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, मंजित खन्ना ने देशभक्ति के गीतों का एक बेहतरीन मैशअप प्रस्तुत किया। सपना शर्मा की आवाज में “ऐ मेरे वतन के लोगों जरा याद करो कुर्बानी” गीत सुनकर सभी की आंखें नम हो गईं। इसके साथ ही उज्ज्वल वशिष्ठ, विक्रम कठेरिया, कियारा शर्मा और अजय कुमार आदि कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस गरिमामयी आयोजन में क्लब के सदस्य डॉ. राम बहादुर व्यथित, दीपक सक्सेना, नरेश चन्द्र शंखधार, सुमित मिश्रा, डॉ. संजीव गुप्ता, राहुल चौबे, विष्णु उपाध्याय और सुशील शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का बहुत ही सुंदर और ऊर्जावान संचालन रविन्द्र मोहन सक्सेना द्वारा किया गया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. अक्षत अशेष ने किया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

सावन मास में महाशिवरात्रि के पर पर पुलिस चौकी पर विशाल भंडारे का आयोजन किया , भंडारे में शिव भक्तों की भीड़ उमड़ी

Spread the love आसफपुर – सावन मास के दूसरे सोमवार को महा शिवरात्रि के पर्व …