Breaking News

कछला गंगा घाट पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा घाट

Spread the love

भागीरथ और कश्यप घाट पर श्रद्धालुओं ने किया गंगास्नान, हवन-पूजन और भजन-कीर्तन; सुरक्षा के लिए पुलिस-पीएसी तैनात

कछला। श्रावण मास के दौरान कछला के भागीरथ गंगा घाट और कश्यप घाट पर शिवभक्त कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे शिवभक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर जल भरा। घाट पर दिनभर हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन, भजन-कीर्तन कर गंगा मैया की आराधना की। महिलाओं ने मन्नतें मांगीं और पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण किया।

कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। घाट पर पीएसी, पुलिस बल और प्रशिक्षित गोताखोर तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरों से भीड़ और प्रमुख स्थानों पर लगातार नजर रखी गई। घाट पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से गंगा स्नान कराया जा सके।

नगर पंचायत चेयरमैन जगदीश सिंह चौहान ने भी घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ मेला प्रभारी कुलदीप कश्यप और खोया-पाया केंद्र की टीम भी सक्रिय रही। भीड़ में बिछड़े लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया गया।

जाम से बचाने के लिए डिवाइडर लगाए

कछला गंगा घाट से बाईपास तक यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डिवाइडर लगाए गए। डीजे, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक सवारों के आवागमन को नियंत्रित किया गया। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ बाइक सवारों को रात के समय खेतों के रास्ते से निकलना पड़ा।

गंगा स्नान और कांवर के लिए बदायूं, दातागंज, पीलीभीत, पूरनपुर, नवाबगंज, बीसलपुर, बिलसंडा, किच्छा और भोजीपुरा समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कछला पहुंचे। घाट पर जगह-जगह भंडारे लगाए गए, जहां शिवभक्तों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

— सुखदेवी कश्यप


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

भारी बारिश में भी डटे किसान, डीएम को सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन, अस्पतालों में भ्रष्टाचार पर दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the loveबदायूं। राष्ट्रीय आह्वान पर मंगलवार को भारतीय किसान संगठन के बैनर तले किसानों …