दातागंज। क्षेत्रीय उचित दर विक्रेताओं के लिए प्रदेश सरकार ने एक बड़ा और राहत भरा कदम उठाया है। लखनऊ स्थित लोकभवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कोटेदारों के लाभांश में वृद्धि योजना का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास खंड दातागंज सभागार में भी दिखाया गया, जिसमें स्थानीय कोटेदारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नए शासनादेश के तहत उचित दर विक्रेताओं का लाभांश ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया गया है। इसके लिए सरकार द्वारा ₹336 करोड़ के अतिरिक्त वार्षिक बजट का प्रावधान किया गया है, जिससे दातागंज तहसील क्षेत्र के 322 कोटेदार सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे और उनका आर्थिक मनोबल बढ़ेगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भवन योजना के तहत क्षेत्र में अब तक 14 भवनों का निर्माण हो चुका है, जबकि नए भवनों की कार्यसंस्कृति से वितरण प्रणाली और अधिक पारदर्शी बनेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अतेन्द्र विक्रम सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व महेंद्र श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी प्रतिमा शर्मा और पूर्ति निरीक्षक सचिन मिश्रा समेत तमाम गणमान्य लोग एवं कोटेदार उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat