बदायूं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ बदायूं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा वित्त एवं लेखाधिकारी से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत वार्ता की।
प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को अवगत कराया कि 15,000 शिक्षक भर्ती के तहत कार्यरत शिक्षकों का जुलाई माह से देय चयन वेतनमान दो माह बीतने के बावजूद लंबित है। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों द्वारा सेवा पुस्तिकाएं अद्यतन व सत्यापित न किए जाने के कारण पत्रावलियां जिला कार्यालय नहीं भेजी जा रही हैं। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि ब्लॉकों में पटल सहायकों की मौजूदगी के बाद भी यह कार्य कुछ शिक्षकों से कराया जा रहा है, जो अनुचित है। इसे तत्काल पटल सहायकों से कराने और सेवा सत्यापन समयबद्ध पूरा करने की मांग की गई। इसके अलावा विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का राशन न पहुंचने तथा रसोइयों के बाउंस मानदेय व जुलाई-अगस्त माह के भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। बीएसए ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने वित्त एवं लेखाधिकारी से भेंट कर चयन वेतनमान एरियर, वेतन एरियर व एक दिवसीय वेतन कटौती एरियर के त्वरित भुगतान की मांग रखी। साथ ही बीएसए कार्यालय से निस्तारित पत्रावलियों के लेखा निर्धारण को जल्द पूरा करने की बात कही। वित्त एवं लेखाधिकारी ने 10 से 15 दिनों के भीतर सभी लंबित प्रकरणों के निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस दौरान जिला संयोजक दुष्यंत रघुवंशी, जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार, जिला सह संयोजिका सोनी गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अंकुर कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष (जगत) आदेश कुमार, ब्लॉक मंत्री विपिन कुमार, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मयंक शर्मा, ब्लॉक मंत्री (उझानी) प्रशांत कुमार एवं ब्लॉक संगठन मंत्री लखेंद्र सिंह राठौर उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat