वजीरगंज। बदायूं जिले में पुसगवां रोड स्थित विकलांग आश्रम में बगरैन निवासी प्रशांत गुप्ता ने एकादशी और अपने जन्मदिन के अवसर पर दिव्यांग बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने आश्रम में रह रहे दिव्यांग बच्चों को फल, मिठाई और समोसे वितरित किए। इसके साथ ही सभी बच्चों को नए कपड़े भी भेंट किए गए।
नए कपड़े और खाद्य सामग्री पाकर आश्रम में रह रहे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। प्रशांत गुप्ता ने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को जरूरतमंद और दिव्यांग बच्चों के बीच मनाने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है। उन्होंने आगे भी जरूरतमंदों की सेवा में सहयोग करने की बात कही।
आश्रम के अध्यक्ष उनीश पाल सिंह ने प्रशांत गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आश्रम समाज के ऐसे ही दानदाताओं और सहयोगी लोगों के सहयोग से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर दिव्यांग बच्चों की मदद करनी चाहिए, जिससे उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान जाकिर सैफी, नेमपाल, आश्रम प्रभारी ठाकुर सुनीरा सिंह गौर, जिला पंचायत सदस्य बदायूं, आकाश कुमार, उमेश पाल, विनोद कुमार, चंचल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आश्रम का माहौल आत्मीयता और खुशी से भरा रहा।
Budaun Amarprabhat