बिल्सी। बदायूं जिले की बिल्सी तहसील क्षेत्र के कुंदावली गांव में मंगलवार सुबह बंदरों के झुंड के हमले से एक युवक की मौत हो गई। युवक घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान अचानक बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।
बंदरों से बचने की कोशिश में युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि युवक की हालत गंभीर थी। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से समस्या के समाधान की मांग की है।
Budaun Amarprabhat