बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में विशेष अभियान 6.0 के तहत रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यात्रियों को गीले, सूखे, सैनिटरी और विशेष कचरे के लिए निर्धारित चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग के बारे में बताया गया। उन्हें समझाया गया कि कचरे को संबंधित डस्टबिन में डालने से उसके वैज्ञानिक निस्तारण में मदद मिलती है और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनी रहती है।
अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी स्वच्छता संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित डस्टबिन का उपयोग कर स्वच्छता अभियान में सहयोग करें।
Budaun Amarprabhat