बदायूं। जनपद में छात्र-छात्राओं के भीतर वैज्ञानिक सोच विकसित करने और आम जनमानस में विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए जिला विज्ञान क्लब (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश) बड़े स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला विज्ञान क्लब के अध्यक्ष अवनीश राय के आदेशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में 3 नवंबर से 5 दिसंबर तक विज्ञान लोकव्यापीकरण, संचार कार्यक्रम और नवप्रवर्तन प्रदर्शनी की श्रृंखला चलेगी।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विवेक जौहरी ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 3 नवंबर को पुलिस मॉडर्न स्कूल में ‘अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक दृष्टिकोण’ विषयक कार्यशाला से होगी। इसके बाद 4 नवंबर को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी लगेगी। 14 नवंबर को विमला हरि भगवान इंटर कॉलेज उझानी में स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन पर मंथन होगा।
आयोजन की इस कड़ी में 28 नवंबर को मदर एथेना स्कूल में राष्ट्रीय गणित दिवस, 30 नवंबर को गायत्री देवी हायर सेकेंडरी स्कूल (पृथ्वी नगला, उसहैत) में सर सी.वी. रमन जन्मदिवस और 5 दिसंबर को श्री कृष्ण इंटर कॉलेज में विज्ञान दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र भाषण, पोस्टर, गमला सज्जा, विज्ञान मॉडल और समाचार कतरन संग्रह जैसी विविध प्रतियोगिताओं में हुनर दिखाएंगे।
इस अभियान का सबसे खास आकर्षण 2 दिसंबर को जीजीआईसी बदायूं में आयोजित होने वाली ‘जनपद स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी’ होगी। यह मंच असंगठित क्षेत्र के उन जमीनी हुनरमंदों व नवप्रवर्तकों के लिए समर्पित रहेगा, जिन्होंने सीमित संसाधनों और अभावों के बावजूद अपने नवाचार से नई खोज की है।
सफल संचालन के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति में मुख्य विकास अधिकारी उपाध्यक्ष, जिला विद्यालय निरीक्षक सचिव तथा बीएसए, जिला सूचना अधिकारी, उद्यान, कृषि व उद्योग विभाग के अधिकारी सदस्य बनाए गए हैं। सभी उत्कृष्ट प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat