विधायक राजीव कुमार सिंह ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, गृहस्थी का सामान भी भेंट किया
दातागंज (बदायूं)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शनिवार को दातागंज विधानसभा क्षेत्र में दो स्थानों पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। राजकीय आईटीआई समरेर और स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय डिग्री कॉलेज उसावां में कुल 239 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।
समरेर स्थित राजकीय आईटीआई परिसर में समरेर व दातागंज विकासखंड और दातागंज नगर निकाय क्षेत्र के 135 जोड़ों का विवाह कराया गया। वहीं, उसावां स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में म्याऊं व उसावां विकासखंड तथा उसावां नगर निकाय क्षेत्र के 104 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
समारोह में नवदंपतियों को शासन की ओर से निर्धारित वैवाहिक उपहार सामग्री, गृहस्थी का सामान और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता मिलती है और परिवारों को संबल मिलता है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह, एसडीएम विनोद कुमार सिंह, सीओ आशीष नाथ सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और वर-वधू पक्ष के परिजन मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat