उझानी में श्री आदिनाथ मज्जिनेंद्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन
उझानी। जैन समाज के चार दिवसीय श्री आदिनाथ मज्जिनेंद्र पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन तीर्थंकर भगवान के मोक्ष कल्याणक को धूमधाम से मनाया गया।
परम तपस्वी आचार्य रत्न श्री 108 वसुनंदी सागर जी महाराज ने उपस्थित धर्मावलंबियों को संबोधित करते हुए बताया कि पंच कल्याणक के माध्यम से पाषाण और रत्नों की मूर्तियों में सूर्य मंत्र द्वारा प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया सम्पन्न हो गई है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पूनम अग्रवाल, उनके पुत्र नीलांशु अग्रवाल, खंड शिक्षा अधिकारी प्रशांत सिंह और मीडिया प्रभारी प्रशांत जैन को आयोजकों द्वारा जैन ध्वज और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
भव्य रथ यात्रा के माध्यम से भगवान को साहूकारा स्थित जैन मंदिर तक लाया गया, जहां नव निर्मित चौवीसी और मान स्तंभ में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विराजमान किया गया। समस्त धार्मिक क्रियाएं क्षुल्लक रत्न 105 विशंक सागर जी महाराज के निर्देशन में संपन्न कराई गईं।
आचार्य श्री 108 वसुनंदी सागर जी मुनिराज अपने संघ के साथ कछला की ओर पैदल विहार कर गए। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रम 7 नवम्बर को कासगंज तथा 17 नवम्बर को फिरोजाबाद में आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अनूप जैन, मृगांक जैन, निखिल जैन, सोनल जैन, साजन जैन, कुलदीप जैन, प्रियांक जैन, पवन जैन, प्रिंस जैन, काजोल जैन, तृप्ति जैन, संगीता जैन, ममता जैन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat