बिल्सी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र 114 बिल्सी में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा रहा है।
इस अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने रविवार को ग्राम खैरी, बादशाहपुर और नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि गणना प्रपत्र के साथ किसी भी प्रकार के अन्य दस्तावेज संलग्न करने की आवश्यकता नहीं है। यह अभियान मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध बनाने के लिए चलाया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव में सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज हो सके।
साथ ही, तहसीलदार प्रभा सिंह ने क्षेत्र के ग्राम गुधनी, धनौली, मूसेपुर, सदरपुर, नगर झूना, रूदैना, घंघौसी, ओया, जिनौरा और शहबाजपुर फकीराबाद आदि गांवों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्रों का वितरण कराया और बीएलओ को निर्देश दिए कि वे शीघ्रता से प्रत्येक घर तक पहुंचकर प्रपत्र भरवाएं और सही सूचनाएं कार्यालय में जमा करें।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, लेखपाल सूरज भारती, जाबेद खान, विशाल माथुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat