बिसौली। उप जिलाधिकारी राशि कृष्णा ने सोमवार को गांव दबतोरी, संग्रामपुर और शाह सहाबर में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्रों की जांच की। उन्होंने अद्यतन स्थिति का विवरण लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जोड़ने से वंचित न रहे तथा प्रत्येक परिवार तक गणना प्रपत्र समय से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम राशि कृष्णा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तहसील क्षेत्र में एसआईआर अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरवाकर पुनः एकत्र कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, जिससे हर पात्र नागरिक बिना किसी बाधा के अपने मतदान अधिकार का प्रयोग कर सके।
— अमर प्रभात प्रतिनिधि, आईएम खान
Budaun Amarprabhat