संवाददाता — बदायूं/शेखूपुर
बदायूं। पूर्व मंत्री आबिद रज़ा द्वारा बदायूं विधानसभा में SIR सहायता केंद्र स्थापित किए जाने के बाद अब शेखूपुर विधानसभा के लिए भी सहायता केंद्र शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को उन्होंने शेखूपुर के करबा तथा देहात क्षेत्र से आए लोगों और कार्यकर्ताओं को अपने आवास रज़ा हाउस पर बुलाकर SIR से संबंधित विस्तृत मीटिंग की।
मीटिंग में आबिद रज़ा ने उपस्थित लोगों को 2003 एवं 2025 की वोटर लिस्ट उपलब्ध कराई और SIR फॉर्म भरने का सही तरीका समझाया। उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लगभग 20 वर्षों में एक बार होने वाली प्रक्रिया है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
SIR फॉर्म भरने के प्रमुख दिशा-निर्देश जो आबिद रज़ा ने बताए—
जिनका नाम 2003 की लिस्ट में शामिल है, वे फॉर्म के नीचे पहली साइड में अपना नाम, यदि उपलब्ध हो तो EPIC नंबर, 2003 की विधानसभा संख्या, क्रम संख्या और भाग संख्या भरें।
जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं है, वे फॉर्म की दूसरी साइड में अपने माता-पिता, दादा-दादी या किसी रिश्तेदार की जानकारी भरें जिनका नाम 2003 की लिस्ट में दर्ज हो।
यदि किसी के परिवार में किसी का भी नाम 2003 में नहीं है, लेकिन स्वयं वोटर 2025 की सूची में है, तो वह फॉर्म के पीछे दिए किसी प्रमाण-पत्र का दस्तावेज बीएलओ को सत्यापन के लिए दे।
जिनका नाम न 2003 और न 2025 की सूची में है, उन सभी को नया वोटर फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या बीएलओ को जमा करना होगा।
पूर्व मंत्री ने पढ़े-लिखे लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के कम पढ़े-लिखे नागरिकों की फॉर्म भरने में सहायता करें, ताकि बीएलओ अपने कार्य को समय पर पूरा कर सकें।
आबिद रज़ा इससे पहले बदायूं विधानसभा के लोगों को भी SIR फॉर्म भरने का प्रशिक्षण दे चुके हैं और शहर में चेयरमैन फात्मा रज़ा के माध्यम से सहायता केंद्र भी खुलवा चुके हैं।
शेखूपुर की जनता की मांग — “आबिद रज़ा चुनाव लड़ें”
मीटिंग में आए अधिकांश लोगों ने एक स्वर में आबिद रज़ा से शेखूपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने की मांग रखी। लोगों का कहना था कि शेखूपुर को एक सेकुलर, तेजतर्रार और मजबूत नेता की जरूरत है और वह छवि आबिद रज़ा में दिखती है।
इस पर पूर्व मंत्री ने विनम्रता से जवाब देते हुए कहा—
“आपकी मोहब्बत और जज़्बात का शुक्रिया। इज्जत और उसकी जगह अल्लाह तय करता है, किसी इंसान के बस में कुछ नहीं।”
आबिद रज़ा द्वारा बदायूं और शेखूपुर दोनों विधानसभाओं में लगातार मीटिंगें करना और दोनों क्षेत्रों के लिए वोटर लिस्ट उपलब्ध कराना अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
— संवाददाता, अमर प्रभात
Budaun Amarprabhat