बदायूँ/दिल्ली। संवाददाता गोविंद देवल
लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी के बदायूँ सांसद आदित्य यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र की सड़कों की जाम व दुर्घटनाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाया। सांसद ने बदायूँ–मुरादाबाद एवं बदायूँ–बिजनौर मार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ वजीरगंज, बिसौली और बिल्सी में बाईपास निर्माण की तत्काल जरूरत पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। सांसद के भाषण का पूरा वीडियो भी संलग्न किया गया है।
सदन को संबोधित करते हुए सांसद आदित्य यादव ने कहा—
“अध्यक्ष महोदय, मैं अपने लोकसभा क्षेत्र बदायूँ के एक अत्यंत गंभीर विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूँ। बदायूँ से मुरादाबाद तथा बदायूँ से बिजनौर जाने वाले दोनों ही मुख्य मार्गों पर कस्बों—वजीरगंज, बिसौली और बिल्सी—में अत्यधिक भीड़ और घनी आबादी रहती है। इन मार्गों पर जाम की समस्या इतनी बढ़ गई है कि न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि बच्चों के स्कूल पहुँचने में भी कठिनाई होती है।”
सांसद ने आगे कहा कि वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण इन मार्गों पर सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में एक ही गांव के पाँच लोगों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिसने क्षेत्र को झकझोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा—
“यदि वजीरगंज, बिसौली और बिल्सी में बाईपास का निर्माण हो जाता है, और दोनों मार्गों का चौड़ीकरण किया जाता है, तो जाम और दुर्घटनाओं में भारी कमी आएगी। यह निर्माण कार्य जनहित में अत्यंत आवश्यक है और इसे तत्काल स्वीकृति मिलनी चाहिए।”
सांसद आदित्य यादव ने सरकार से आग्रह किया कि बदायूँ क्षेत्र की इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को प्राथमिकता में लेते हुए जल्द कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
Budaun Amarprabhat