बदायूं | संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री अरुण कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति एवं जिला स्तरीय बाल विवाह मुक्त भारत संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 26 दिसंबर 2025 को वीर बाल दिवस को राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री द्वारा कार्यक्रम का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 के मध्य विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित कर बच्चों में साहस, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक नागरिकता के मूल्यों का विकास किया जाना है। इसके क्रम में 26 दिसंबर 2025 को अटल बिहारी सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर में वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सड़क पर मिलने वाले अनाथ, परित्यक्त अथवा आपात स्थिति में रह रहे बच्चों एवं महिलाओं के रेस्क्यू को लेकर भी चर्चा की गई। निर्देश दिए गए कि गठित समिति अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाएगी तथा रेस्क्यू किए गए बच्चों व महिलाओं को यथासंभव परिवार में पुनर्वासित किया जाएगा या महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित संस्थानों एवं महिला आश्रय गृहों में आवासित कराया जाएगा। इस संबंध में चिकित्सा विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, पुलिस विभाग, नगर निकाय एवं श्रम विभाग को निर्देशित किया गया।
इसके साथ ही जनपद में ऐसे संभावित स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए, जहां अनाथ, परित्यक्त बच्चे अथवा महिलाएं मिलने की संभावना रहती है। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 27 नवंबर 2025 से 8 मार्च 2026 तक बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाल विवाह की घटनाओं को रोकना, समुदाय स्तर पर शून्य सहनशीलता का वातावरण बनाना तथा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से बालकों एवं बालिकाओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एवं चाइल्ड हेल्पलाइन को निर्देश दिए गए कि धर्मगुरुओं, समुदाय स्तर पर बैठकें आयोजित करें तथा विद्यालयों एवं कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री हिरदेश, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री नंदकिशोर पाठक, अधिशासी अधिकारी राजेश कुमार, देवेंद्र प्रताप गौतम, प्रभारी एंटी ट्रैफिकिंग यूनिट अजय कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग से कर्मेंद्र शर्मा, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार व प्रीति कौशल, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन कमल शर्मा, जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य, सेंटर मैनेजर वन स्टॉप सेंटर प्रतिक्षा मिश्रा, सचिन काशी, समाज विकास संस्थान से मीना सिंह सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat