संवाददाता:
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला ठाकुर द्वारा स्थित नखासे वाले बाग में बंदरों के झुंड ने आतंक मचा रखा है। बंदरों के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द बंदर पकड़वाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी सचि घर में खाना बनाने के बाद कपड़े सुखाने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां एक्स-रे में उनके हाथ की हड्डी टूटी पाई गई। डॉक्टरों ने प्लास्टर कर दवाइयां दीं।
मोहल्ला निवासी भाजपा नेता दीपक तोमर और समाजसेवी दुर्गापाल सिंह ने बताया कि नखासे वाले बाग क्षेत्र में कहीं से दर्जनों बंदरों का झुंड आ गया है। बंदरों ने अब तक कई राहगीरों और मोहल्ले के लोगों को काट लिया है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को परिजन मुख्य रास्तों से न ले जाकर अंदरूनी गलियों से स्कूल पहुंचाने को मजबूर हैं।
दुर्गापाल सिंह ने बताया कि उनके छोटे भाई उपेंद्र सिंह की जनरल स्टोर की दुकान में बंदर घुसकर सामान उठा ले जाते हैं। इसी तरह बंदर घरों में घुसकर रोटी और अन्य खाद्य सामग्री ले जाते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
इस मामले को लेकर भाजपा नेता दीपक तोमर, शीलू चौहान, जगत सिंह उर्फ सनी, अखिल गोस्वामी, कैलाश, अजय रावत, अंकित सिंह, डॉ. मुदित प्रताप सिंह और जयवीर सिंह ने फतेहगंज पश्चिमी के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर एवं नगर पंचायत चेयरमैन इमराना बेगम को ज्ञापन सौंपकर बंदर पकड़वाने की मांग की। अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।