
बदायूँ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के आदेशानुसार जनपद में अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के अंतर्गत अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो अभियुक्तों को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
थाना जरीफनगर पुलिस ने 01 जनवरी 2026 को कस्बा दहगवां के समसपुर कूबरी रोड स्थित कब्रिस्तान गेट के सामने से अभियुक्त कय्यूम पुत्र अहमद कुरैशी निवासी वार्ड नंबर-6 कुरैशी मोहल्ला, कस्बा दहगवां को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 12 बोर और दो जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद किए गए। इस संबंध में थाना जरीफनगर पर मुकदमा संख्या 001/2026 धारा 3/25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत पंजीकृत कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त कय्यूम का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें आर्म्स एक्ट, गौवध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत दर्ज कई मुकदमे शामिल हैं।
वहीं थाना सिविल लाइन पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त मनीष पुत्र छोटे निवासी मीरासराय गिहार बस्ती, थाना सिविल लाइन बदायूँ को एक अवैध तमंचा 12 बोर व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। बरामदगी के आधार पर थाना सिविल लाइन पर मुकदमा संख्या 01/26 धारा 3/25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय भेजा गया।
अभियुक्त मनीष के विरुद्ध भी पूर्व में मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम तथा बीएनएस के तहत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शस्त्रों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat