Breaking News

बदायूं में भेड़ों के बाड़े पर जंगली जानवर का हमला, 5 की मौत, 14 घायल; गांव में दहशत

Spread the love

बदायूं जिले के थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम बितरोई में सोमवार देर रात जंगली कुत्ता प्रजाति के जानवर के हमले से हड़कंप मच गया। 17/18 जनवरी 2026 की अर्द्धरात्रि करीब 11:39 बजे सचिन पुत्र दयाराम के भेड़ों के बाड़े में अज्ञात शिकारी जानवर घुस आया। हमले के वक्त बाड़े में कुल 61 भेड़ें मौजूद थीं।
अचानक हुए हमले में 5 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा 13 अन्य भेड़ों को भी चोटें आई हैं। अफरा-तफरी के बीच 43 भेड़ें सुरक्षित बचा ली गईं। भेड़ों की हलचल से सचिन की नींद खुली, लेकिन तब तक हमलावर जानवर हमला कर भाग चुका था।
सूचना पर वन विभाग की तीन सदस्यीय टीम—वन रेंजर विकास कुमार वरुण, वन आरक्षी विकेंद्र शर्मा और आदित्य गंगवार—मौके पर पहुंची। टीम ने बाड़े के आसपास मिले पदचिह्नों के आधार पर आशंका जताई है कि हमला भेड़िया, सियार या लकड़बग्घा जैसे जंगली कुत्ता प्रजाति के जानवर ने किया है।
वन विभाग ने पशुचिकित्साधिकारी उझानी डॉ. विवेक माहेश्वरी को बुलाकर घायल भेड़ों का उपचार कराया और मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, राजस्व विभाग की ओर से हल्का लेखपाल ने पीड़ित पशुपालक को शासन द्वारा प्रदत्त दैवीय आपदा अनुदान दिलाने के लिए रिपोर्ट तहसीलदार सदर बदायूं को भेज दी है।
घटना के बाद गांव बितरोई में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भय व्याप्त है कि यदि शिकारी जानवर को जल्द नहीं पकड़ा गया तो भविष्य में किसी और घर या इंसान पर भी हमला हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ठोस कार्रवाई की मांग की है।
उधर, थाना मुजरिया पुलिस का कहना है कि मामला वन विभाग से संबंधित है। थाना प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह ने बताया कि इस संबंध में थाने में कोई कार्रवाई नहीं की गई है और पीड़ित ने तहरीर वन विभाग को दी होगी।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, डकैती के रुपये, तमंचा और बाइक बरामद

Spread the loveबदायूं। जिले के थाना इस्लामनगर पुलिस ने डकैती के मामले में फरार चल …

error: Content is protected !!