बदायूं
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। खास तौर पर इस्लामनगर थाना एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। जहां कल ही थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया था, वहीं अब 24 घंटे के भीतर नया थानाध्यक्ष तैनात कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रभारी स्वाट टीम रहे निरीक्षक माधी सिंह बिष्ट (पीएनओ-912122021) को प्रभारी निरीक्षक अलापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह अलापुर थाने में कार्यरत उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह (पीएनओ-892430129) को हटाकर इस्लामनगर थानाध्यक्ष बनाया गया है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इसी क्रम में विभागीय कार्रवाई करते हुए पहले थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया और अब नए चेहरे को कमान सौंपी गई है। पुलिस विभाग के इस त्वरित निर्णय को हालात पर नियंत्रण पाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह स्थानांतरण जनहित और प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नए थानाध्यक्ष से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने और जनता में भरोसा बहाल करने की उम्मीद की जा रही है।
लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि इस्लामनगर थाना फिलहाल पुलिस मुख्यालय की सीधी नजर में है और किसी भी स्तर की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Budaun Amarprabhat