संवाददाता | गोविंद देवल
उसहैत। विद्या भारती की ओर से सरस्वती जन शिक्षा मंदिर विद्यालय, उसहैत में गुरुवार को सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण एवं वर्तमान परिवेश में समाज के उत्थान में महिलाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता कवयित्री एवं राजकीय महाविद्यालय सहसवान की हिंदी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शुभ्रा महेश्वरी ने महिलाओं के पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक संतुलन तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूत नींव नारी की सक्रिय भूमिका से ही संभव है।
मुख्य अतिथि थाना मुजरिया की इंस्पेक्टर ज्योति सिंह ने महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं से बचाव और जागरूकता पर जोर देते हुए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि कुमारी वैशाली गुप्ता ने सामाजिक क्षेत्रों में महिलाओं के उत्थान एवं स्वस्थ सामाजिक जीवन अपनाने के उपायों पर अपने विचार रखे।
ब्रह्मकुमारी आश्रम उसहैत की प्रबंधक कुमारी गुंजन सिंह ने महिलाओं को सामाजिक चुनौतियों का डटकर सामना करने तथा आध्यात्मिक रूप से जुड़कर मानसिक विकास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान नगर की प्रदेश स्तर की चक्का फेंक प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल विजेता तुलसी राजपूत को निवर्तमान चेयरपर्सन सैनरा वैश्य द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही पूर्व प्राचार्य चंद्रकांति महेश्वरी एवं विनीता गुप्ता को उनके सामाजिक कार्यों के लिए विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं निवर्तमान चेयरपर्सन नगर पंचायत उसहैत सैनरा वैश्य ने मातृशक्तियों का अभिनंदन किया और अपने द्वारा किए गए पर्यावरण संरक्षण कार्यों की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
Budaun Amarprabhat