Breaking News

मैन्था फैक्ट्री हादसा: सांसद आदित्य यादव ने मृतक श्रमिकों के परिजनों से की मुलाकात, SIT जांच व मुआवजे की मांग

Spread the love

बदायूं। समाजवादी पार्टी के बदायूं संसदीय क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने थाना उझानी क्षेत्र के ग्राम कुढानरसिंहपुर स्थित मैन्था फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में मृत तीनों श्रमिकों के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष का भरोसा दिलाया।
सांसद आदित्य यादव सबसे पहले विधानसभा क्षेत्र बिल्सी के ग्राम वसावनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में मृत श्रमिक जुगेन्द्र यादव के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद वे विधानसभा क्षेत्र शेखूपुर के ग्राम पसेई पहुंचे और वहां मृतक विवेक यादव के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। तत्पश्चात सांसद विधानसभा क्षेत्र दातागंज के ग्राम मुडसेना पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक वीरभान सिंह यादव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
परिजनों से बातचीत के दौरान सांसद ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक मिलीभगत के चलते पीड़ित परिवारों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी पीड़ितों को न तो न्याय मिला है और न ही कोई ठोस आर्थिक सहायता, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सांसद आदित्य यादव ने मांग की कि मैन्था फैक्ट्री हादसे में मृत श्रमिकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे इस कठिन समय में अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एसआईटी से कराए जाने की मांग की, जिससे सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
उन्होंने कहा कि यह हादसा फैक्ट्री प्रबंधन की घोर लापरवाही का परिणाम है, जिसमें निर्दोष श्रमिकों की जान गई है। समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय व मुआवजा नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
इसके बाद सांसद अपने संसदीय क्षेत्र के भ्रमण पर निकले। भ्रमण के दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व विधायक प्रेमपाल सिंह, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, सुनील यादव, उदयवीर शाक्य, रजनीश गुप्ता, रचित गुप्ता, सुरेंद्र यादव, अशोक यादव, किशोरीलाल शाक्य, खजाना देवी, सुरेंद्र सागर, सुशांत सिंह राठौर, सुनीता पाल, पान सिंह प्रमुख, मोतशाम सिद्दीकी, प्रदीप गुप्ता, ताहिर अंसारी, संजीव यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

ग्राम प्रधान उन्मुखीकरण कार्यक्रम सम्पन्न शिक्षा के क्षेत्र में मिलकर काम करने का आह्वान

Spread the love संवाददाता : गोविंद देवल कादरचौक। असरासी स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर बेसिक …

error: Content is protected !!