Breaking News

सड़क सुरक्षा माह: बाबा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने चलाया जागरूकता अभियान, दिलाई सुरक्षा की शपथ

Spread the love

बिल्सी। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत को नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने विनम्र और प्रभावशाली ढंग से बताया कि हेलमेट व सीट बेल्ट केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हैं।
इसके साथ ही विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर बनाकर तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और यातायात नियमों के पालन जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टरों ने राहगीरों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान सभी ने यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने और मोबाइल फोन का उपयोग न करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि 18 वर्ष से कम आयु में तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं। साथ ही स्कूल स्टाफ को भी सभी वाहनों को निर्धारित मानकों और यातायात नियमों के अनुसार चलाने के निर्देश दिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

होली पर फूटा लोगों का गुस्सा: जलभराव से परेशान मोहल्लेवासियों ने उखाड़ी सड़क की इंटरलॉकिंग

Spread the loveबिल्सी। संवाददाता गोविंद देवल। होली जैसे खुशी के पर्व पर जहां लोग नए …

error: Content is protected !!