बदायूँ।
जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में मिशन वात्सल्य योजनान्तर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की तृतीय त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कोविड सामान्य स्पॉन्सरशिप, बाल विवाह, 1098 चाइल्ड लाइन, पीएम केयर सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत 89 बच्चों को लाभान्वित किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) में 319 बच्चों को लाभ दिया गया। स्पॉन्सरशिप योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 154 बच्चों को सहायता प्रदान की गई, वहीं पीएम केयर योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को लाभ मिला है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए तथा बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप के लंबित आवेदनों का निस्तारण अगली बैठक से पूर्व सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बाल कल्याण समिति में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण तथा शेष सदस्यों के संबंध में निदेशालय को पत्र प्रेषित करने के निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी को दिए। किशोर न्याय बोर्ड के मामलों में निर्धारित दायरे से अधिक वादों का निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बाल संरक्षण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। बाल विवाह की समीक्षा करते हुए बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 59 बाल विवाह की सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 37 बाल विवाह को बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, एएचटी थाना एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से रोका गया, जबकि 18 सूचनाएं गलत पाई गईं। जिलाधिकारी ने 37 प्रकरणों पर फॉलोअप कर उसकी स्थिति रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों को ब्लॉक बाल संरक्षण समिति तथा सभी अधिशासी अधिकारियों को वार्ड बाल कल्याण समिति की बैठकें आयोजित कर उनकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, आईसी प्रीति कौशल, प्रभारी थानाध्यक्ष एएचटी, जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य, सेंटर मैनेजर प्रतीक्षा मिश्रा सहित जिला बाल संरक्षण इकाई का समस्त स्टाफ एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता : गोविंद देवल
Budaun Amarprabhat