बदायूँ।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने मंगलवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विकास खंड उझानी की नगर पालिका तथा प्राइमरी स्कूल नरैनी, विकास खंड सहसवान सहित विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों का मतदाता पहचान पत्र बनवाना सुनिश्चित किया जाए तथा निर्वाचक नामावली से संबंधित सभी कार्य पूरी निष्पक्षता, शुचितापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जाएं। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत 31 जनवरी एवं 01 फरवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रारूप 6, 7, 8 सहित अन्य प्रारूपों की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जा चुका है तथा दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। नामावली से संबंधित सुनवाई, सत्यापन एवं निर्णय की प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि आलेख्य रूप में प्रकाशित निर्वाचक नामावली एवं विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान साप्ताहिक दावे एवं आपत्तियों का विवरण एनआईसी बदायूँ की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता : गोविंद देवल
Budaun Amarprabhat