Breaking News

77वें गणतंत्र दिवस पर बदायूँ में हर्षोल्लास, राज्यमंत्री व डीएम ने किया ध्वजारोहण

Spread the love

बदायूँ।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद भर में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ, जिसने नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का बोध भी कराया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समरसता, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रवाद की प्रेरणा देता है तथा सभी को इसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अवनीश राय ने राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर ध्वजारोहण किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस दौरान राष्ट्रगान भी हुआ। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने संविधान की प्रस्तावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसे केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि अपने जीवन में अंगीकार करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू हुआ।
कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पचक्र व फूल अर्पित कर शहीदों को नमन किया। बदायूँ क्लब में मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार ने ध्वजारोहण किया। पुलिस लाइन और बदायूँ क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर समस्त नगर पालिका, नगर पंचायतों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गांधी ग्राउंड से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः गांधी ग्राउंड पर समाप्त हुई। सभी शैक्षिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया तथा जिला चिकित्सालय सहित अन्य स्थानों पर मरीजों को फल वितरित किए गए।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संवाददाता : गोविंद देवल


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

“बरौलिया में खुला हाईवे का सबसे बड़ा पेट्रोल पंप, मालिक की मुस्कान के साथ किसानों और यात्रियों को मिली राहत!”

Spread the loveबरौलिया (बिल्सी)। संवाददाता: गोविंद देवल तहसील क्षेत्र के वजीरगंज मार्ग पर रविवार को …

error: Content is protected !!